डीएम शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में उद्योग वार्ता में उद्यमियों की समस्याओं पर मंथन
ओम प्रकाश शर्मा, गया, 21 जनवरी 2026। गया जिले में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में रेड क्रॉस सभागार में उद्योग वार्ता का आयोजन किया गया।

बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर, कार्यपालक अभियंता (विद्युत), ईएसई विद्युत, कार्यपालक अभियंता अरसीडी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, उप महाप्रबंधक BIADA सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र द्वारा बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नीति (BIIPP 2025) की जानकारी दी गई, वहीं BIADA के उप महाप्रबंधक ने औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
उद्योग वार्ता के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में जलजमाव, जल निकासी, निर्बाध बिजली आपूर्ति, संपर्क पथों के चौड़ीकरण, कच्चे माल एवं तैयार उत्पादों के परिवहन में आ रही कठिनाइयों, BIADA भूमि की दर में कमी तथा मानपुर क्षेत्र में भूमि दखल-हस्तांतरण से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन लगातार उद्यमियों से संवाद कर रहा है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गया जिले को बड़े स्तर पर उद्योग एवं व्यापार का हब बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।
डीएम ने यह भी बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में संचालित उद्योगों का मैपिंग कराया गया है, जिससे औद्योगिक नीति को और प्रभावी बनाया जा सके।
बैठक में डीएम ने बिजली विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिया कि उद्योगों से जुड़ी बिजली संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। वहीं कार्यपालक अभियंता बिजली विभाग ने आश्वस्त किया कि मानपुर क्षेत्र सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाएगा।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि उद्योग वार्ता में उठाई गई समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा इस प्रकार की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए उद्यमियों ने बैठक में सक्रिय भागीदारी निभाई।
























Leave a Reply