गया में फार्मर रजिस्ट्री कैंप का विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया निरीक्षण
गया, 04 फरवरी 2026 | ओम शर्मा: गया जिला के नगर प्रखंड अंतर्गत नैली पंचायत के ग्राम दुबहल टोला बेलाही में एग्रीस्टैक परियोजना के तहत आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैंप का निरीक्षण विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने पीएम-किसान योजना के लाभुक किसानों को संबोधित करते हुए फार्मर आईडी की उपयोगिता बताई और जानकारी दी कि इस वर्ष से पीएम-किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाकर प्रति किस्त ₹3000 कर दी गई है, जिससे अब किसानों को साल में तीन किस्तों में कुल ₹9000 प्राप्त होंगे।

कैंप में उपस्थित कई किसानों ने शिकायत की कि स्वयं के नाम से जमीन नहीं होने तथा नामांतरण व परिमार्जन कार्य समय पर नहीं होने के कारण फार्मर रजिस्ट्री कराने में दिक्कत हो रही है। इस पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नगर राकेश कुमार ने आश्वासन दिया कि राजस्व विभाग के लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु अंचल अधिकारी से समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भी इस समस्या को मुख्यालय स्तर पर उठाकर समाधान कराने का भरोसा दिलाया। जिला कृषि पदाधिकारी गया ने बताया कि फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सिंगल विंडो सिस्टम के तहत मिल सकेगा और अधिक से अधिक किसानों से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की।
कैंप में प्रखंड कृषि पदाधिकारी नगर, कृषि समन्वयक रविशंकर कुमार, सीएससी प्रभारी रवि कुमार, किसान सलाहकार अनिल कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर सोनू कुमार सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
























Leave a Reply