औरंगाबाद-आमस मार्ग पर दर्दनाक हादसा! कृषि समन्वयक संजीव कुमार को ट्रक ने मारी टक्कर, पैर की कई सर्जरी जारी
औरंगाबाद/गयाजी: ओम शर्मा।। गया जिले के आमस प्रखंड में किसानों के बीच सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने में जुटे कृषि विभाग के कर्मियों के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। आमस प्रखंड के कृषि समन्वयक संजीव कुमार एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार औरंगाबाद से आमस प्रखंड की ओर अपने दोपहिया वाहन से कार्यालय संबंधी कार्य के लिए लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त दोपहिया वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
गंभीर रूप से घायल संजीव कुमार को पहले औरंगाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। बाद में उनका इलाज वाराणसी के एक अस्पताल में शुरू हुआ, जहां उनके पैर में गंभीर चोट के कारण ऑपरेशन किया गया। परिजनों के अनुसार अब तक पैर की एक से अधिक सर्जरी हो चुकी है और इलाज पर लगभग ढाई लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। चिकित्सकों ने बताया है कि अगले एक सप्ताह तक उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, जिसके बाद आगे के उपचार के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।
गौरतलब है कि इन दिनों आमस प्रखंड में फार्मर रजिस्ट्री और बीज वितरण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार और कृषि विभाग के अन्य कर्मचारी किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। ऐसे समय में संजीव कुमार के साथ हुई यह दुर्घटना पूरे कृषि विभाग के लिए चिंता का विषय बन गई है।
इस घटना के बाद गया जिले के कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार तथा अन्य कर्मचारियों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सभी ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि संजीव कुमार जल्द स्वस्थ होकर फिर से किसानों की सेवा में लौटें।
भारत टीवी न्यूज़ भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है।
फोटो;ai generated hai
























Leave a Reply