फार्मर आईडी से मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ, जिले भर में मुफ्त रजिस्ट्रेशन अभियान
ओम शर्मा,गया, 21 फरवरी 2026: किसानों को डिजिटल पहचान देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान जिले में तेज गति से चल रहा है। प्रशासन द्वारा सभी गांवों में कैंप के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने की पहल की जा रही है। इस रजिस्ट्रेशन के लिए किसानों से सीएससी तथा वसुधा केंद्रों पर भी 15 रुपये का सेवा शुल्क संबंधित विभाग द्वारा वहन किया जा रहा है। फार्मर आईडी बनने के बाद किसानों को फसल बीमा, केसीसी, सहायता अनुदान तथा फसल क्षति मुआवजा जैसी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सकेगा। इसके लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और अपने नाम की जमाबंदी अनिवार्य है। किसान पंचायत के कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, राजस्व कर्मचारी या नजदीकी सीएससी/वसुधा केंद्र पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं तथा पोर्टल पर स्वयं भी आवेदन कर सकते हैं। जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्धारित दैनिक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि हर पंचायत और गांव में कैंप लगाकर किसानों को जोड़ा जाए। उन्होंने बताया कि जिले में 1136 लॉगिन आईडी सक्रिय हैं। धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डोभी के प्रखंड कृषि पदाधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा अगले आदेश तक उनका वेतन अवरुद्ध करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को चिन्हित कर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
























Leave a Reply