कला संस्कृति विभाग और महिला एवं बाल विकास निगम के सहयोग से हुआ कार्यक्रम
ओम शर्मा, औरंगाबाद, 07 मार्च। समाहरणालय स्थित अनुग्रह नारायण नगर भवन में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा महिला एवं बाल विकास निगम के सौजन्य से जिला प्रशासन Aurangabad के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी Abhilasha Sharma ने बैलून को आकाश में उड़ाकर महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए किया। इसके बाद बिहार गीत के गायन के साथ समारोह की शुरुआत हुई तथा जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, उप विकास आयुक्त Ananya Singh एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों और पदाधिकारियों का अभिनंदन किया। वहीं वरीय उप समाहर्ता श्रीमती श्वेता प्रियदर्शी ने स्वागत अभिभाषण देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि महिलाओं के संघर्ष, उपलब्धियों और सपनों को सम्मान देने का दिन है। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज को नई दिशा दे रही हैं।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिलाएं अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए खेल, राजनीति, सिविल सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने देश की पहली महिला आईएएस अधिकारी अन्ना राजम मल्होत्रा के संघर्ष और योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले।जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं समाज की आधी आबादी हैं और विकास में उनकी भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जीविका दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आज जीविका दीदियां महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और समाज में ऐसी सोच विकसित करनी होगी कि बेटा-बेटी दोनों के जन्म पर समान रूप से खुशियां मनाई जाएं।कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली शिक्षिकाओं, जीविका दीदियों, जिला एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली छात्राओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं, नन्हीं बच्चियों एवं जिला स्तरीय महिला कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) श्री उपेंद्र पंडित, अपर समाहर्ता (विशेष शाखा) श्री मोहम्मद सादुल हसन खां, अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण) श्री जयप्रकाश नारायण, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री संतन कुमार सिंह, सिविल सर्जन, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती श्वेता प्रियदर्शी सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों एवं महिलाओं ने भाग लिया।





























Leave a Reply