PRESS MEDIA

“देशभर के पत्रकारों का साझा मंच”

मुंशी बिगहा में सीएम की ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर डीएम-एसपी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, हेलीपैड से सुरक्षा व्यवस्था तक तैयारियों की समीक्षा

औरंगाबाद मुंशी बिगहा में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा को लेकर डीएम और एसपी द्वारा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
Spread the love

औरंगाबाद, 16 मार्च 2026: Abhilasha Sharma (जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद) एवं Amrish Rahul (पुलिस अधीक्षक) ने माननीय मुख्यमंत्री बिहार की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ के मद्देनजर बारुण प्रखंड के मुंशी बिगहा में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सभा स्थल, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, संपर्क पथ, हेलीपैड, विभिन्न विभागों के योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल, विभागीय बैठक स्थल तथा आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था सहित सभी आधारभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर बताया गया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा एवं सात निश्चय से जुड़ी योजनाओं के साथ जिले में संचालित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का निरीक्षण, विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन, जिलास्तरीय समीक्षा बैठक तथा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। जिला पदाधिकारी ने निर्माणाधीन हेलीपैड का भी निरीक्षण कर उसे निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने तथा पथ निर्माण विभाग को कार्यक्रम स्थल के आसपास की सड़कों की मरम्मत व समतलीकरण कराने का निर्देश दिया, ताकि आगंतुकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। साथ ही सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग एवं ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त अनन्या सिंह, अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर संतन कुमार सिंह, डीसीएलआर सदर श्वेतांक लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *