ओम शर्मा,जामताड़ा, 28 फरवरी 2026: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में आगामी होली पर्व को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलेवासियों से मर्यादा, संयम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली मनाने की अपील की गई।उपायुक्त ने कहा कि होली को हुड़दंग के रूप में नहीं बल्कि आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से रमजान माह का उल्लेख करते हुए सभी समुदायों से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन भ्रामक पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप व इंस्टाग्राम पर लगातार नजर रख रहा है।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली पर किसी को जबरन रंग न लगाया जाए तथा शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। होली के दिन जिले में ड्राई डे रहेगा और शराब की खरीद-बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट और हानिकारक रंगों की बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, पुलिस गश्त, होलिका दहन सुरक्षा और धार्मिक स्थलों पर चौकीदार प्रतिनियुक्ति को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि जिले में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और विशेष क्यूआरटी टीम सक्रिय रहेगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की तथा अवैध शराब, रैश ड्राइविंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने बैठक के एजेंडा की जानकारी देते हुए सभी से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण होली मनाने की अपील की। बैठक में जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और केंद्रीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
होली-रमजान पर जामताड़ा प्रशासन सख्त — सोशल मीडिया पर पैनी नजर, हुड़दंगियों पर होगी कार्रवाई: रवि आनंद




























Leave a Reply