PRESS MEDIA

“देशभर के पत्रकारों का साझा मंच”

मतगणना से पहले DC रवि आनंद ने तैयारियों को लेकर दिए सख्त निर्देश

Spread the love

ओम शर्मा जामताड़ा:जामताड़ा नगर निकाय चुनाव 2026: मतगणना से पहले DC रवि आनंद ने किया केंद्र का निरीक्षण, तैयारियों को लेकर दिए सख्त निर्देश जामताड़ा, 26 फरवरी 2026। नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत 27 फरवरी को प्रस्तावित मतगणना को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने न्यू पॉलीटेक्निक कॉलेज पाथरचपड़ा स्थित वज्रगृह सह मतगणना केंद्र का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतगणना प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएगी।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतगणना कक्षों में लगाए गए टेबल, कुर्सियों की पर्याप्त व्यवस्था, पंखा, प्रकाश, कंप्यूटर सेट, प्रिंटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी, सीसीटीवी निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी तकनीकी संसाधन पूरी तरह क्रियाशील स्थिति में रहें ताकि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि कंप्यूटर एवं प्रिंटर निर्बाध रूप से कार्य करते रहें, यह सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।उपायुक्त ने वज्रगृह एवं पूरे परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की और सुरक्षा एजेंसियों को सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने मीडिया सेंटर, मेडिकल टीम, अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था तथा वाहनों के लिए पार्किंग प्रबंधन की भी जांच की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मतगणना दिवस से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त कर लिया जाए।प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग-ख) के 39 मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए 20 टेबल लगाए गए हैं, जबकि जामताड़ा नगर पंचायत के 28 मतदान केंद्रों के लिए 14 टेबल निर्धारित किए गए हैं। दोनों निकायों की मतगणना 27 फरवरी 2026 को प्रातः 08:00 बजे से न्यू पॉलीटेक्निक कॉलेज, पाथरचपड़ा परिसर में शुरू होगी।इसी क्रम में मतगणना कार्य को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में मतगणना पर्यवेक्षकों एवं गणना सहायकों का द्वितीय एवं अंतिम प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को मतपेटियों की सील जांच, टेबलवार गणना की विधि, अमान्य मतपत्रों की पहचान, प्रपत्रों के सही संधारण तथा राउंडवार परिणाम संकलन की विस्तृत जानकारी दी गई।मिहिजाम नगर परिषद के अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी सह जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार ने सभी कर्मियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा समय पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर प्रशिक्षकों ने शंका समाधान भी किया, जिससे कर्मियों को प्रक्रिया की स्पष्ट समझ मिल सके।जिला प्रशासन ने दावा किया है कि मतगणना को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं विश्वसनीय ढंग से संपन्न कराने के लिए बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।निरीक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, मास्टर प्रशिक्षक सैय्यद मो. इमाम, हरी प्रसाद राम सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *