PRESS MEDIA

“देशभर के पत्रकारों का साझा मंच”

विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना: औरंगाबाद में 6000 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम बनेंगे, 15 मार्च तक जमीन उपलब्ध कराना अनिवार्य

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना की समीक्षा करते अधिकारी, औरंगाबाद जिला प्रशासन शामिल
Spread the love

औरंगाबाद | 02 फरवरी 2026 | ओम प्रकाश शर्मा: भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की महत्वाकांक्षी विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत सोमवार को संयुक्त सचिव, सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) सहित बिहार के 8 जिलों के जिलाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक, नाबार्ड प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संयुक्त सचिव ने सभी चयनित प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) को सख्त निर्देश दिया कि 15 मार्च 2026 तक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कर विभागीय पोर्टल पर आवेदन अपलोड करना अनिवार्य रूप से पूरा करें, ताकि योजना का क्रियान्वयन समयबद्ध ढंग से हो सके। जानकारी दी गई कि बिहार में इस योजना के अंतर्गत अब तक 36 पैक्स द्वारा आवेदन किया गया है, जिनमें औरंगाबाद जिले की कंचनपुर पैक्स (ओबरा) एवं रामनगर पैक्स (नबीनगर) शामिल हैं। योजना के तहत कंचनपुर पैक्स में 1000 मीट्रिक टन तथा रामनगर पैक्स में 5000 मीट्रिक टन क्षमता के आधुनिक अन्न भंडारण गोदाम के निर्माण का प्रस्ताव है।

जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बैठक में अवगत कराया कि रामनगर पैक्स, नबीनगर के गोदाम निर्माण हेतु डीपीआर स्वीकृत कर आवेदन AIF (Agriculture Infrastructure Fund) पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है, जबकि कंचनपुर पैक्स, ओबरा में भूमि चिन्हित कर ली गई है और शीघ्र ही आवेदन अपलोड की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के लागू होने से किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी, फसल की बर्बादी घटेगी, बेहतर बाजार मूल्य मिलेगा और इससे किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित होगी। जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लगातार अनुश्रवण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *